भोपाल। राजधानी के नरेला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्रगति नगर में मंगलवार को प्रशासन का बुल्डोजर गरजा। यहाँ बिना अनुमति के बनाई गई एक तीन मंजिला बिल्डिंग को नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने जमींदोज कर दिया।
मंत्री सारंग के निर्देश पर हुई कार्रवाई
पिछले महीने निरीक्षण के दौरान मंत्री विश्वास सारंग ने इस निर्माणाधीन बिल्डिंग में सीवेज और ड्रेनेज जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर नाराजगी जताई थी। उन्होंने इसे अवैध बताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। स्थानीय निवासियों ने भी क्षेत्र में लगातार बढ़ते अतिक्रमण की शिकायतें की थीं, जिसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है।
अतिक्रमण के खिलाफ जारी रहेगी मुहिम
मंत्री विश्वास सारंग ने स्पष्ट कहा है कि शासकीय भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र में निरंतर निगरानी रखी जाए ताकि भविष्य में होने वाले किसी भी नए अतिक्रमण को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सके। कार्रवाई के दौरान भवन के अलावा शासकीय भूमि से अन्य अवैध कब्जे भी हटाए गए।





