इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र की भूरी टेकरी स्थित एक मल्टी में शनिवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। अजमेर निवासी एक युवती ‘खुशी’ अपने परिचित युवक मोहनीश से मिलने उसके घर पहुंची, जहाँ उसने युवक के परिवार के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि युवक की मां के साथ मारपीट भी की।
घर में बनाया बंधक, खुद को बेडरूम में किया कैद
परिजनों के अनुसार, घर पहुँचने पर उन्हें पता चला कि युवती ने मोहनीश की मां को एक कमरे में बंद कर रखा था और उनका मुंह दबा दिया था। जब परिजनों ने उसे घर से जाने के लिए कहा, तो वह बेडरूम में जाकर बैठ गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। उसका कहना था कि वह युवक को परिवार से अलग कर अपने साथ ले जाएगी।
डायल-112 को दी सूचना, पुलिस के सामने भी किया हंगामा
युवती ने खुद डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने काफी देर तक उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। बाद में युवक के फ्लैट से बाहर जाने पर ही वह कमरे से निकली। परिजनों का आरोप है कि बाहर आते ही उसने पूरे परिवार को आत्महत्या की धमकी दी। कनाड़िया पुलिस ने मामले में युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



