रेलयात्री सुरक्षा और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी भोपाल ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक किशोर सहित दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 94,000 रुपये का चोरी गया माल बरामद किया है।
वारदातों का विवरण:
- मंगलसूत्र चोरी: भोपाल स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते-उतरते वक्त भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र और पेंडल चोरी करने वाले विधि विरुद्ध बालक (किशोर) को पकड़ा गया। उसके पास से 50,000 रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद हुए हैं।
- लैपटॉप बैग चोरी: निशातपुरा आउटर पर धीमी गति से गुजर रही ट्रेन (गाड़ी संख्या 20805 एपी एक्सप्रेस) के स्लीपर कोच से लैपटॉप बैग चोरी करने वाले आरोपी अमित साहू को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लैपटॉप, चार्जर और दस्तावेज सहित 44,000 रुपये का मश्रुका जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- अमित साहू उर्फ नाटू (उर्र 22 वर्ष), निवासी- शिवशक्ति नगर, छोला, भोपाल (जीआरपी थाना, अपराध क्रमांक 826/26)।
- विधि विरुद्ध बालक (किशोर), निवासी- रिसालदार कॉलोनी, गौतम नगर, भोपाल (जीआरपी थाना, अपराध क्रमांक 742/26)।
सराहनीय भूमिका: इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरी. जहीर खान, उपनिरीक्षक मिथिलेश भारद्वाज, प्रधान आरक्षक अनिल सिंह, राजेश शर्मा और आरक्षक सचिन जाट व बृजेश कारपेंटर की सराहनीय भूमिका रही।




