मैहर:जिले के अमरपाटन तहसील के नादन देहात थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। शनिवार रात नदी पार कर रहे दो सगे भाइयों समेत तीन लोग तेज बहाव में बह गए। हादसे में पांच साल के एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य दो की तलाश के लिए SDRF और NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी है।
जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे
पुलिस के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए बच्चों की पहचान विराज कुशवाहा (7), उनके छोटे भाई सार्थक कुशवाहा (5) और उनके मामा अंकुल कुशवाहा (19) के रूप में हुई है। ये सभी शनिवार रात करीब दस बजे बाइक से जुड़ा गांव के पास नदी पार करके तेंदुहटी जा रहे थे, जहां उन्हें एक बहन के घर जन्मदिन समारोह में शामिल होना था। नदी पार करने के दौरान अचानक तेज बहाव आने से तीनों उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद उनकी बाइक नदी किनारे रपटे के पास फंसी हुई मिली।

परिजनों का गुस्सा और NH-30 पर चक्काजाम
घटना के बाद तलाश में देरी से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया। करीब 500 मीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिसमें एक एंबुलेंस भी फंस गई। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की समझाइश के बाद करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
सूचना मिलते ही तहसीलदार आरडी साकेत और थाना प्रभारी पंचराज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। SDRF और NDRF की संयुक्त टीमों ने नदी में रेस्क्यू अभियान चलाकर सार्थक कुशवाहा का शव ढूंढ निकाला है। हालांकि, तेज बहाव के कारण बाकी दोनों लापता लोगों की तलाश में कठिनाई आ रही है, और प्रशासन लगातार खोजबीन में जुटा हुआ है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



