मानसून के सुहाने मौसम में विदिशा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ‘मिनी पचमढ़ी’ (हलाली डैम के पास) की खूबसूरती इन दिनों चरम पर है। बारिश थमने के बाद भी यहां प्राकृतिक झरने बह रहे हैं, जिन्हें देखने के लिए विदिशा, भोपाल और आसपास के जिलों से सैलानी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
करीब 60 फीट की ऊंचाई से गिरते झरने, हरी-भरी पहाड़ियां और पानी का अनोखा ‘ब्लू वाटर’ यहां आने वाले पर्यटकों का मन मोह रहा है। वीकेंड पर यहां भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
प्रशासन की सख्ती के बावजूद जोखिम उठा रहे लोग
सुरक्षा के लिहाज से वन विभाग और पुलिस बल तैनात किए गए हैं, और कुछ खतरनाक रास्तों पर प्रतिबंध भी लगाया गया है। इसके बावजूद कई सैलानी रोक को नजरअंदाज कर घने जंगल के गुप्त रास्तों और फिसलन भरी चट्टानों से होते हुए सीधे झरने के पास पहुंच रहे हैं।
वरिष्ठ पत्रकार की सलाह: सावधानी ही बचाव है
बारिश के कारण चट्टानें बेहद चिकनी और रास्ते खतरनाक हो गए हैं। जरा सी चूक या लापरवाही यहां जानलेवा साबित हो सकती है। पिछले सालों में यहां कई दर्दनाक हादसे भी हो चुके हैं।
विशेष अपील: प्रकृति के इस खूबसूरत नजारों का आनंद जरूर लें, लेकिन अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें। प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें और प्रशासन के नियमों का पालन करें।





