भोपाल। राजधानी भोपाल पुलिस ने एक दिल दहला देने वाले अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए दो युवकों और तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों ने 1.20 करोड़ रुपये कमाने के लालच में 15 वर्षीय किशोर की हत्या कर उसके गुप्तांग (प्राइवेट पार्ट) निकाल लिए थे। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी जोहेब खान खुद को मेडिकल छात्र बताता था। उसने आमिर कुरैशी और तीन नाबालिग साथियों को एक वीडियो दिखाकर किशोर के अंग बेचकर करोड़ों रुपये कमाने की साजिश रची। योजना के तहत आरोपियों ने 6 अगस्त को इकबाल मैदान में चाबी के छल्ले बेचने वाले किशोर रेहान को 100 रुपये का लालच देकर छोटे तालाब धोबीघाट बुलाया। वहां उसकी बेरहमी से हत्या कर ब्लेड से अंग काटकर प्लास्टिक की थैली में रख लिया। हालांकि, जब जोहेब उन अंगों को बाजार में बेच नहीं पाया, तो आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से उन्हें वापस तालाब में फेंक दिया। 10 अगस्त को पुलिस को छोटे तालाब से अज्ञात शव मिला था, जिसकी शिनाख्त 15 अगस्त को हाथ पर बने ‘शंकर’ वाले टैटू के जरिए उसकी मां ने की। पुलिस उपायुक्त जोन-3 आयुष गुप्ता और एसीपी संतोष पटेल के निर्देशन में तलैया व श्यामला हिल्स पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिरों की मदद से इस खौफनाक वारदात का पर्दाफाश करते हुए सभी पांचों आरोपियों को पकड़ लिया है।




