भोपाल। राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र में दीवार निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है, जहां सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पूरे घटनाक्रम की दिशा बदल दी है। मामले में पहले राजा और उसके परिवार ने आरोप लगाया था कि दूसरे पक्ष ने घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला किया, लेकिन फरियादी मनीषा द्वारा पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने के बाद स्थिति पलटती नजर आ रही है। मनीषा का आरोप है कि दीवार विवाद के दौरान पहले उसके 17 वर्षीय नाबालिग बेटे पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया और जब वह मौके पर पहुंची तो राजा व उसके परिवार की महिलाओं ने सड़क पर उसके साथ भी बेरहमी से मारपीट की। इसी बीच घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला के साथ सरेआम सड़क पर मारपीट होती साफ देखी जा सकती है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की अब तक की कार्रवाई और एकतरफा आरोपों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाकर वायरल फुटेज के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।



