भोपाल। कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित CSD कैंप डिपो में बुधवार तड़के सशस्त्र सीमा बल (SSB) के 35 वर्षीय जवान संदीप खरमटे ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली जबड़े के नीचे से सिर को पार कर गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस को मृतक के पास से मराठी भाषा में लिखा एक सुसाइड नोट मिला है। थाना प्रभारी निरूपा पांडे के अनुसार, नोट के प्राथमिक अंशों में जवान ने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपनी पत्नी से माफी मांगी है। सुसाइड नोट का विधिवत हिंदी अनुवाद कराया जा रहा है ताकि आत्महत्या की असल वजह साफ हो सके।
जवान की पत्नी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे संदीप से उनकी सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद बुधवार सुबह 4 बजे विभाग ने उन्हें इस दुखद घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। अधिकारियों और साथी जवानों से पूछताछ के साथ मामले की जांच जारी है।



