शिवपुरी। जिले के नरवर क्षेत्र में मंगलवार देर रात शराब कंपनी के मैनेजर पंकज राय (31) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात लोढ़ी माता मंदिर के सामने स्थित कंपनी कार्यालय के बाहर उस समय हुई, जब पंकज अपनी कार में बैठे थे। गंभीर हालत में ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक पंकज मूल रूप से डबरा (ग्वालियर) के निवासी थे और नरवर में शराब ठेका कंपनी में बतौर मैनेजर पदस्थ थे। मृतक के भाई हर्षित राय की शिकायत पर पुलिस ने कंपनी के कैशियर बॉबी राय और कर्मचारी अंकित ठाकुर के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते दोनों आरोपियों ने पहले विवाद किया, जिसके बाद बॉबी के उकसाने पर अंकित ने पंकज को गोली मार दी। पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल हथियार के लाइसेंसी होने की पुष्टि की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।




