भोपाल। राजधानी के पिपलानी क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक विवाहिता से करीब साढ़े चार साल तक दुष्कर्म करने और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी आदिल के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ब्यूटीशियन है और पति से विवाद के चलते अलग रह रही थी। इसी दौरान इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान राजगढ़ निवासी शादीशुदा युवक आदिल से हुई। आरोप है कि आदिल ने शादी का भरोसा देकर पीड़िता से संबंध बनाए और लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उस पर मुस्लिम धर्म अपनाने और नमाज पढ़ने का लगातार दबाव बना रहा था।
मामला तब सामने आया जब दो दिन पहले एक कमरे में दोनों के मौजूद होने पर हिंदू संगठनों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए और आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।



