इंदौर : शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित स्कीम नंबर 114 पार्ट-1 के होटल ‘सिल्वर पैलेस’ में रविवार रात करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने खजराना निवासी दो युवकों फैजान खान और अमन खान पर एक युवती को नशा देकर होटल में गलत काम करने का आरोप लगाया है।
सूचना पर पहुंचे संगठन के पदाधिकारियों ने मौके से फैजान को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दूसरा आरोपी अमन फरार होने में कामयाब रहा। पूछताछ में शुरुआत में आरोपियों ने खुद को ‘लक्की’ बताकर पहचान छिपाने की कोशिश की थी। होटल के कमरे से शराब की बोतलें व आपत्तिजनक सामग्री और आरोपी के मोबाइल से अश्लील वीडियो, ड्रग्स व हथियारों की तस्वीरें मिलने का दावा किया गया है।
करणी सेना ने फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और दोनों पर सख्त धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि पकड़ा गया युवक भारी नशे में था, जिसके चलते फिलहाल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। नशा उतरने के बाद दोनों पक्षों से विस्तृत पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




