इंदौर। लोकायुक्त पुलिस ने क्राइम ब्रांच के तत्कालीन टीआई सुजीत श्रीवास्तव समेत चार लोगों के खिलाफ 1.20 लाख रुपए की रिश्वतखोरी के मामले में केस दर्ज किया है।
तुलसी नगर निवासी प्रीति हजारी ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बेटे प्रांजल को एक मामले में क्राइम ब्रांच ऑफिस बुलाया गया था। वहां उस पर कोई कानूनी कार्रवाई न करने और छोड़ने के बदले 1.20 लाख रुपए की मांग की गई। आरोप है कि 20 मार्च को 50,800 रुपए यूपीआई (UPI) के जरिए एक अन्य व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर करवाए गए, जबकि 70 हजार रुपए नकद लिए गए।
लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय के निर्देश पर तकनीकी साक्ष्यों व लेन-देन की जांच कराई गई। आरोप सही पाए जाने पर सोमवार को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। टीआई सुजीत श्रीवास्तव फिलहाल डीआरपी लाइन में पदस्थ हैं, जबकि मामले में शामिल दो कांस्टेबल अभी भी क्राइम ब्रांच में हैं। लोकायुक्त पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



