मंदसौर। जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड से गायब हुआ ₹4 लाख के जेवरात और नकदी से भरा बैग सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में हैरान करने वाली बात यह रही कि बैग किसी चोर ने नहीं, बल्कि एक लावारिस कुत्ते ने चुराया था।

नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के कयामपुर निवासी लताबाई वाल्मीकि अपने बेटे के इलाज के लिए जिला अस्पताल आई थीं। उनके पास सोने-चांदी के जेवरात (मंगलसूत्र, अंगूठियां, कंदोरा, पायल आदि) और ₹2,000 नकद से भरा बैग था। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 से 6 बजे के बीच वार्ड से बैग अचानक गायब हो गया।
महिला की शिकायत मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई। जांच अधिकारी प्रधान आरक्षक अजय सोलंकी ने जब अस्पताल के CCTV फुटेज खंगाले, तो चौंकाने वाला दृश्य दिखा—एक कुत्ता मुंह में बैग दबाकर सर्जिकल वार्ड से बाहर ले जाता नजर आया। पुलिस ने कैमरों की मदद से कुत्ते के मूवमेंट को ट्रैक किया और अस्पताल परिसर के ही एक खुले स्थान से लावारिस हालत में पड़ा बैग ढूंढ निकाला।
बैग में रखे सभी जेवर और नकदी पूरी तरह सुरक्षित पाए गए। औपचारिकताएं पूरी कर पुलिस ने सोमवार शाम पूरा सामान लताबाई को सौंप दिया। समय रहते सामान सुरक्षित मिलने पर पीड़िता ने मंदसौर पुलिस का आभार जताया।




