शहडोल। जिले की सोहागपुर तहसील के हल्का नंबर 72 में पदस्थ पटवारी आशीष सोनकर पर एक युवती ने काम के बदले रिश्वत मांगने और वॉट्सऐप पर अश्लील मैसेज भेजकर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने चैट के स्क्रीनशॉट्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के साथ कलेक्टर से शिकायत कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सोहागपुर निवासी अनाथ युवती के मुताबिक, ग्राम पंचायत चापा स्थित अपनी पुश्तैनी जमीन के बंटवारे और जाति प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए वह दिसंबर से पटवारी के चक्कर काट रही है। आरोप है कि पटवारी ने काम के एवज में ₹20 हजार की मांग की, जिसमें से ₹15 हजार वह पहले ही दे चुकी है। इसके बावजूद काम अटकाए रखा गया।
शिकायत के साथ सौंपे गए चैट के अनुसार, पटवारी ने युवती को ‘कमरे या होटल’ में मिलने के लिए दबाव बनाया और आपत्तिजनक मैसेज भेजे। विरोध करने और कलेक्टर से शिकायत की चेतावनी देने पर जमीन संबंधी काम रोकने तथा उसके एक सहयोगी द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। युवती ने 22 अगस्त के बाद सोमवार को दोबारा कलेक्ट्रेट पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। उधर, संपर्क करने पर पटवारी आशीष सोनकर ने मामले में अपना पक्ष रखने से बचते हुए बाद में बात करने को कहा। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।



