भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (BMHRC) में लापरवाही मिलने पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल के कचरे में भारी मात्रा में बायोमेडिकल वेस्ट मिला, जिसके बाद हाउसकीपिंग एजेंसी ‘बीवीजी’ (BVG) पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
जोन-17 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी राम रतन लोहिया की टीम ने यह कार्रवाई की। अस्पताल के सामान्य कचरे में खतरनाक बायोमेडिकल वेस्ट को खुलेआम मिलाए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी शिकायत के आधार पर निगम टीम ने औचक धावा बोला और गड़बड़ी पकड़ी गई।
खास बात यह है कि इसी एजेंसी पर पहले भी इसी तरह की लापरवाही के लिए 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जा चुका है। इसके बावजूद नियमों को ताक पर रखकर दोबारा मेडिकल वेस्ट सामान्य कचरे में मिलाया जा रहा था। नगर निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि आगे भी इस तरह की लापरवाही बरती गई, तो एजेंसी के खिलाफ और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




