राजधानी के ईंटखेड़ी इलाके में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 54 वर्षीय फोर व्हील मैकेनिक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे आगे खड़े एक अन्य ट्रक के बीच फंस गए। हादसा इतना भीषण था कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
लांबाखेड़ा के रहने वाले मृतक प्यारे मियां रविवार रात करीब 8 बजे घर से दूध लेने चौरसिया ढाबे की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनियंत्रित ट्रक आगे खड़े दूसरे ट्रक से जा भिड़ा और प्यारे मियां दोनों भारी वाहनों के बीच बुरी तरह फंस गए।
सूचना मिलते ही ईंटखेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सोमवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



