भोपाल। गौतम नगर इलाके में गुरुवार रात एक युवक ने ससुराल पहुंचकर जमकर हंगामा किया और गुस्से में आकर अपनी कलाई काट ली। आरोपी हर्ष मांझी ने दो साल पहले लव मैरिज की थी, लेकिन रक्षा बंधन पर मायके आई पत्नी गीता ने वापस जाने से इनकार कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर हर्ष चाकू लेकर ससुराल पहुंच गया।
घटना के दौरान आरोपी ने अपनी सास प्रभा बाई, साले मोहन और साली के साथ विवाद किया। उसने सास से करीब एक घंटे के लिए मोबाइल मांगा और न देने पर उनके साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की। जब साले मोहन ने बीच-बचव किया, तो उसे भी जान से मारने की धमकी दी।
विवाद इतना बढ़ा कि हर्ष ने अपने पास रखे चाकू से अपनी हाथ की कलाई पर वार कर लिया। घायल होने के बाद उसने ससुराल वालों को धमकाते हुए कहा कि वह खुद मर जाएगा और सभी को झूठे केस में फंसा देगा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची गौतम नगर पुलिस ने मोहन की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच जारी है।




