भोपाल। शहर के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र स्थित 80 फीट रोड पर देर रात ऑटो और बाइक की टक्कर के बाद जमकर हंगामा हुआ। विवाद बढ़ने पर पहले बाइक सवार युवकों ने ऑटो चालक के साथ मारपीट की, जिसके बाद मौके पर मौजूद भीड़ ने युवकों को पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस के मुताबिक, ऑटो चालक अदनान उर्फ अयान खान पर अभिषेक ठाकुर की बाइक को कट मारने का आरोप है। बाइक पर पीछे बैठे युवक को चोट लगने के बाद विवाद शुरू हुआ। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ऑटो चालक की गलती नहीं थी, बल्कि युवकों ने रॉन्ग साइड से आकर टक्कर मारी थी और पहले उन्होंने ही चालक को पीटा था। बीच-बचाव के दौरान गुस्साई भीड़ ने युवकों को घेर लिया और उनकी पिटाई कर दी।
सरेराह हुई इस घटना से कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि, मामला थाने पहुंचने पर दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से लिखित समझौता कर लिया और किसी भी तरह की एफआईआर दर्ज कराने से इनकार कर दिया। पुलिस वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।



