भोपाल। राजधानी के प्रशासनिक अमले में फेरबदल करते हुए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने टीटी नगर अनुभाग के एसडीएम में बड़ा बदलाव किया है। डिप्टी कलेक्टर दीपक पांडे को अब टीटी नगर का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया है, जबकि वे पहले से शहर वृत्त में एसडीएम की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
गुरुवार देर रात जारी हुए आदेश के अनुसार, दो साल से टीटी नगर एसडीएम का जिम्मा संभाल रहीं डिप्टी कलेक्टर अर्चना रावत शर्मा को कलेक्ट्रेट में अटैच कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि वे खुद मैदानी काम के बजाय कार्यालयीन कामकाज संभालना चाहती थीं।
हाल ही में टीटी नगर अनुभाग के अंतर्गत आने वाले न्यू मार्केट और रोशनपुरा चौराहे पर सीलिंग की कार्रवाई को लेकर व्यापारियों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान एसडीएम रावत ही मौके पर पहुंचकर व्यापारियों को समझाने और उनका ज्ञापन लेने गईं थीं। अब इस संवेदनशील इलाके की पूरी जिम्मेदारी दीपक पांडे को मिल गई है।



