भोपाल की निशातपुरा पुलिस ने डेयरी की आड़ में गोकशी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ₹3 हजार के इनामी आरोपी लम्बू उर्फ नफीस को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 17 जुलाई से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार्रवाई करते हुए मौके से अजीज और उसके बेटे आसिफ को पकड़ा था। घटनास्थल पर खड़े सीएनजी ऑटो से एक मृत गाय का शव बरामद हुआ था। इस मामले में पहले ही अजीज खान, आसिफ, अनीस, जुबेर और इकराम कुरैशी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
घटना के बाद से कमलनगर, करोंद निवासी आरोपी लम्बू उर्फ नफीस (44) फरार था, जिस पर जोन-4 के पुलिस उपायुक्त द्वारा ₹3 हजार का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 3 सितंबर को सात दुकान कलारी के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ हनुमानगंज थाने में मारपीट का एक मामला भी दर्ज है।




