भोपाल के नीलम पार्क में शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने और दूसरी काउंसलिंग शुरू करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज हो गया है। वर्ग-1 के अभ्यर्थी पिछले 12 दिन से भूख हड़ताल पर हैं, जबकि वर्ग-2 और वर्ग-3 के अभ्यर्थियों का धरना करीब 15 दिन से जारी है।
शुक्रवार को वर्ग-1 चयन परीक्षा 2023 के अभ्यर्थियों ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का काफिला रोककर ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों का कहना है कि उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती 2023 में कुल 8720 पद विज्ञापित किए गए थे, लेकिन पहली काउंसलिंग में सिर्फ 2901 पदों पर ही नियुक्ति हुई है। वे 10 हजार नए पद बढ़ाकर दूसरी काउंसलिंग कराने की मांग कर रहे हैं।

वहीं, वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती 2025 के अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बरखेड़ी के पास काफिला रोककर ज्ञापन दिया। अभ्यर्थियों की मांग है कि वर्ग-2 में हर विषय के कम से कम 3 हजार पद और वर्ग-3 में प्राथमिक शिक्षक के न्यूनतम 25 हजार पद बढ़ाए जाएं।
अभियार्थियों का तर्क है कि स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग में शिक्षकों के लाखों पद रिक्त पड़े हैं। इसी बजट सत्र में स्वीकृत 15 हजार शिक्षक पदों के बजट को मौजूदा भर्ती में समायोजित करने से समय और सरकारी खर्च दोनों की बचत होगी। सरकार के स्तर पर इन मांगों पर निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।




