मेट्रो निर्माण के दौरान सड़क पर मिट्टी फैलाकर कीचड़ करने वाले वाहन मालिक पर नगर निगम ने 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। जोन-9 के एएचओ बलवीर मलिक ने मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की और वाहन मालिक से लिखित माफी भी मंगवाई।
पुट्ठा मिल के पास मेट्रो कार्य के कारण फैली मिट्टी बारिश में कीचड़ बन गई थी, जिससे सड़क पर फिसलन बढ़ गई। इसके चलते दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर गिरने और हादसों का खतरा लगातार बना हुआ था।
निगम अधिकारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि निर्माण कार्य की आड़ में आम जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोबारा ऐसा होने पर पुलिस कार्रवाई की जाएगी। जानकारों का कहना है कि निर्माण एजेंसियों को बारिश के दौरान नियमित सफाई और बैरिकेडिंग के पास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने चाहिए ताकि हादसों को रोका जा सके।



