भोपाल
निशातपुरा थाना क्षेत्र के शिवानी होम्स में रहने वाले 53 वर्षीय कुलदीप सक्सेना की शनिवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। वे दीवानगंज स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में सुपरवाइजर थे।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे वे एक्टिवा से भानपुर के एक निजी अस्पताल रूटीन चेकअप के लिए जा रहे थे। डी मार्ट और पीपुल्स अस्पताल के बीच पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल कुलदीप को राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कॉलेज से सीधे पोस्टमार्टम रूम पहुंची बेटी
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कुलदीप की इकलौती बेटी घटना के समय कॉलेज में थी। पिता की मौत की सूचना मिलते ही वह सीधे अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम पहुंची, जहां रोते-बिलखते परिजन और रिश्तेदार भी जमा हो गए। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।




