गुना शहर की विंध्याचल कॉलोनी में रहने वाली 25 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी विवेक रघुवंशी और उसके साथी गोलू रघुवंशी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
शराब के नशे में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस को दिए बयानों के मुताबिक, पीड़िता अपने बेटे के साथ किराए के मकान में रहकर ब्यूटी पार्लर चलाती है। 5 सितंबर की शाम उसकी सहेली शैफाली शाक्य से मिलने गोलू रघुवंशी अपने साथी विवेक के साथ वहां आया था। कमरे में सभी लोग मौजूद थे और आरोप है कि इसी दौरान विवेक ने जबरन दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर जब पीड़िता ने बाहर आकर सहेली और गोलू को घटना बताई, तो गोलू ने उसे थप्पड़ मारे और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पूर्व पति की मदद से पहुंची थाने
घटना के बाद मौके पर पहुंचे एक परिचित अजय रघुवंशी ने पीड़िता को बचाया। डरी-सहमी महिला ने अपने पूर्व पति को मैसेज कर पूरी आपबीती बताई और रेलवे स्टेशन पहुंच गई। सूचना मिलते ही पूर्व पति पुलिस के साथ स्टेशन पहुंचा और महिला को सुरक्षित थाने लेकर आया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 523/26 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी है।




