भोपाल। रानी कमलापति स्टेशन स्थित होटल हयात पैलेस में शनिवार रात एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी की फ्रेशर्स पार्टी के दौरान हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं को पार्टी में नाबालिग छात्राओं के शामिल होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और छात्राओं की आईडी दिखाने की मांग करने लगे।
होटल स्टाफ और आयोजकों के बार-बार समझाने के बावजूद कि पार्टी में किसी भी नाबालिग को प्रवेश नहीं दिया गया है, कार्यकर्ता शांत नहीं हुए। पुलिस की मौजूदगी में करीब एक घंटे तक होटल के अंदर नारेबाजी और हंगामा चलता रहा।
स्थिति बिगड़ने पर होटल स्टाफ ने गेट बंद कर छात्र-छात्राओं को सुरक्षित एक हॉल में पहुँचाया, लेकिन कार्यकर्ता वहां तक भी पहुंच गए। सामने आए वीडियो में कुछ कार्यकर्ता बंद गेट पर लात मारते हुए और छात्राओं की आईडी चेक करते नजर आ रहे हैं। इस घटना से होटल में मौजूद अन्य लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जीआरपी हबीबगंज थाना प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि घटना को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। शिकायत मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।




