गुन्नौर: प्रदेशव्यापी अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुन्नौर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बायपास स्थित बालाजी मंदिर के पास से एक गांजा तस्कर को 3 किलो अवैध गांजे के साथ दबोचा है। जब्त किए गए गांजे की बाजार कीमत करीब 60 हजार रुपए है।
थाना प्रभारी बलवीर सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुन्नौर निवासी शालिगराम पटेल काले रंग के बैग में अवैध गांजा लेकर बायपास के पास बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा और उसके बैग की तलाशी ली, जिसमें से 3 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में लिप्सेज किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी के साथ एएसआई कुंजबिहारी, नाथूराम, राजेश सिंह, यादवेन्द्र सिंह, अशोक सिंह, कृष्ण प्रताप सिंह, उर्मिला, और आरक्षक नीलेश, श्याम सुंदर, राजकुमार, अमन, नेहा व अनुराधा सेन ने अहम भूमिका निभाई।



