भोपाल:
छोला मंदिर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात नौवीं कक्षा की एक छात्रा ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय मृतका की मां मायके में थीं और पिता मोहल्ले में झांकी देखने गए थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, कैंची छोला निवासी तमन्ना कुशवाहा (14) एक निजी स्कूल में नौवीं की छात्रा थी। उसके पिता ट्रैवल एजेंसी में ड्राइवर हैं। मंगलवार रात घर के काम को लेकर तमन्ना का अपनी बड़ी बहन से विवाद हो गया था। इसके बाद वह मंदिर वाले कमरे में चली गई।
रात को जब पिता घर लौटे और तमन्ना कमरे से बाहर नहीं आई, तो उन्होंने खिड़की से झांककर देखा। तमन्ना को फंदे पर लटका देख उन्होंने दरवाजा तोड़ा और पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।




