छिंदवाड़ा:
जिले के बिछुआ में जबलपुर लोकायुक्त टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के प्रभारी डिप्टी रेंजर सुनील बनवारी को 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथों दबोच लिया। आरोपी यह घूस फर्नीचर व्यवसायी से लकड़ी की खरीदी-बिक्री के रिकॉर्ड पर हस्ताक्षर करने के एवज में मांग रहा था।
पंजीयन रद्द करने की दी थी धमकी
शिकायतकर्ता मोखराम मालवीय बिछुआ में फर्नीचर का कारोबार करते हैं। उनके भाई के नाम पर इमारती लकड़ी के विनिर्माता और उपभोक्ता का पंजीयन है। नियमों के मुताबिक, लकड़ी की खरीदी-बिक्री का हर तीन महीने का हिसाब वन विभाग में जमा करना होता है।
आरोप है कि इसी तीन महीने के हिसाब की रिपोर्ट पर हस्ताक्षर करने के बदले प्रभारी डिप्टी रेंजर सुनील बनवारी ने 3 हजार रुपए की मांग की थी। पैसे न देने पर पंजीयन रद्द करने की धमकी भी दी गई थी।
शासकीय आवास पर हुई कार्रवाई
परेशान होकर व्यवसायी ने मामले की शिकायत जबलपुर लोकायुक्त से कर दी। शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मंगलवार को आरोपी के बिछुआ स्थित शासकीय आवास पर ट्रैप कार्रवाई की। शिकायतकर्ता जैसे ही रिश्वत के 3 हजार रुपए देने पहुंचा, टीम ने डिप्टी रेंजर को रंगेहाथ दबोच लिया।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई में टीएलओ निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक राहुल गजभिए और जबलपुर इकाई के अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




