भोपाल:
राजधानी के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में बुजुर्गों को ठगकर और चकमा देकर वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर बदमाशों को पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई सोने की चेन (कीमत करीब 2,20,000 रुपये) और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
क्या था मामला?
फरियादी शैलेंद्र गुप्ता ने 12 अक्टूबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके 80 वर्षीय पिता मन्नी गुप्ता घर के बरामदे में बैठकर अखबार पढ़ रहे थे। तभी एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और ‘गले में कीड़ा है’ यह नाटक करते हुए उनके नजदीक आया। इसके बाद वह बुजुर्ग के गले में पड़ी सोने की चेन और लॉकेट झपटकर फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पूर्व परिचित निकला मास्टरमाइंड, ऐसे रची साजिश
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस वारदात का मुख्य आरोपी मनोज कुमार पीड़ित परिवार का पूर्व परिचित था और उसका घर आना-जाना था। कोर्ट में चल रहे एक पुराने मामले के चलते उसे पैसों की सख्त जरूरत थी।
योजना के तहत, आरोपी मनोज घर के बाहर बाइक लेकर पहरा दे रहा था, जबकि उसका साथी नमन सैनी बुजुर्ग को बातों में उलझाकर चेन झपटकर भागा था।
पुलिस ने इन्हें किया गिरफ्तार
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी अमित सोनी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों को धर दबोचा:
- नमन सैनी (उम्र 20 वर्ष, निवासी बागसेवनिया, भोपाल)
- मनोज कुमार (उम्र 42 वर्ष, निवासी बागसेवनिया, भोपाल)
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 16 ग्राम वजनी सोने की चेन मय लॉकेट और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (एमपी 04 एम.बी. 1135) जब्त कर ली है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी अमित सोनी और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।



