भोपाल:
मिसरोद थाने के तत्कालीन टीआई रतन सिंह परिहार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर रविवार को भोपाल के अंबेडकर मैदान में जयस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सीएम हाउस की तरफ बढ़ने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हो गई, जिसमें एक युवती द्वारा पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारने और महिला पुलिस अधिकारियों से झूमाझटकी की खबर सामने आई है।
13 अक्टूबर को आदिवासी छात्रों के प्रदर्शन के दौरान ‘जय जोहार’ बोलने पर टीआई रतन सिंह परिहार द्वारा कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज करने का वीडियो सामने आया था। इस मामले में 14 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर टीआई को निलंबित कर दिया गया था। हालांकि, जयस कार्यकर्ताओं और राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. हीरालाल अलावा की मांग है कि निलंबन काफी नहीं है, बल्कि टीआई के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर उनकी सेवा समाप्त की जाए।
प्रकाश तरुण पुष्कर के पास बैरिकेडिंग तोड़कर सीएम हाउस की ओर बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोकने की कोशिश की, जिससे वहां भारी हंगामा मच गया। इस दौरान प्रदर्शनकारी युवती द्वारा पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारे जाने का मामला भी तूल पकड़ रहा है। एसीपी शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी, फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। इस घटना के बाद से राजधानी में सियासी और सामाजिक सरगर्मी काफी बढ़ गई है।



