नरसिंहपुर: जिले के मुंगवानी थाना क्षेत्र अंतर्गत कठौतिया गांव स्थित सिद्धेश्वर धाम में हुए कैलाश बाबा हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सिर पर पत्थर से हमला कर की थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात आरोपी ने कुटिया में सो रहे बाबा के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया था, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जबलपुर ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए थे।
जादू-टोने की पुरानी रंजिश आई सामने
गवाहों के बयानों और शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने पाठा गांव निवासी सोमनाथ ठाकुर (45) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी जादू-टोने को लेकर पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।




