कोलारस (शिवपुरी)। सोशल मीडिया पर मुस्लिम समाज को लेकर कथित भ्रामक और सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने के मामले में कोलारस पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई रिजौदा निवासी महेश परिहार की शिकायत पर की गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 9 नवंबर को फेसबुक पर देहरदा (लुकवासा) निवासी दिलीप जाटव की आईडी से एक विवादित पोस्ट डाली गई थी। पोस्ट में लिखा गया था कि शिवपुरी में मुसलमानों पर आए दिन अत्याचार हो रहा है, फिर भी लोग नींद में सो रहे हैं।
परिहार ने पुलिस को सौंपे शिकायती आवेदन और स्क्रीनशॉट में आरोप लगाया कि इस तरह की मनगढ़ंत बातों से क्षेत्र का सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और शांति भंग होने की पूरी आशंका है।
कोलारस पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आरोपी दिलीप जाटव के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(1)(बी) और 223(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



