निशातपुरा थाना क्षेत्र के कृषक नगर, करोंद में किराए के कमरे में रहने वाले 43 वर्षीय हलवाई राहुल शर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक मूल रूप से छतरपुर का रहने वाला था, जहां उसकी पत्नी और बच्चे रहते हैं। पत्नी गांव में ही नर्स है।
रात में की थी सामान्य बात
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार देर रात राहुल ने अपनी 13 वर्षीय बेटी को फोन कर देर रात तक ऑनलाइन न रहने की हिदायत दी थी। इसके बाद उसने पत्नी से भी सामान्य बातचीत की थी। शुक्रवार को दिनभर परिवार से कोई संपर्क नहीं हुआ, जिसे परिजनों ने काम में व्यस्तता समझा।
परिचितों के देखने पर चला पता
शनिवार सुबह लगातार फोन न उठने पर पत्नी ने कुछ परिचितों को राहुल के कमरे पर भेजा। वहां पहुंचने पर घटना का पता चला। सूचना मिलते ही निशातपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मोबाइल से खुलेगा राज
मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने राहुल का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए कॉल डिटेल खंगाली जा रही है।



