आबकारी विभाग की प्रभावी कार्रवाई में ₹32,000 से अधिक की मदिरा बरामद
भोपाल: राजधानी भोपाल में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए आबकारी विभाग की कार्रवाई जारी है। कलेक्टर श्री कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देशों और सहायक आबकारी आयुक्त श्री वीरेंद्र धाकड़ के मार्गदर्शन में, विभाग की टीम ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है।
बीती 12 नवंबर 2025 को, मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर, जाटखेड़ी नई मल्टी क्षेत्र में एक रहवासी मकान को निशाना बनाया गया। नियंत्रण कक्ष प्रभारी रामगोपाल भदोरिया के नेतृत्व में की गई इस प्रभावी कार्रवाई में, एक बंद मकान से 64.8 बल्क लीटर अवैध देशी मदिरा का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। जब्त की गई देशी शराब के 8 कार्टूनों की अनुमानित कीमत ₹32,000 से अधिक आंकी गई है।
प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी संदीप द्विवेदी द्वारा संपादित इस कार्रवाई में, मौके पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की गंभीर धाराओं 34(1) क और 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आरोपी की शिनाख्त कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
सहायक आबकारी आयुक्त धाकड़ ने दोहराया है कि अवैध शराब के संग्रहण और विक्रय के विरुद्ध विभाग की यह सख्त मुहिम आगे भी पूरी मुस्तैदी के साथ जारी रहेगी।




