भोपाल। जीआरपी भोपाल पुलिस ने ट्रेनों और स्टेशनों पर सक्रिय एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 1 लाख 20 हजार रुपये कीमत के 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक (रेल) अंकित जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। आगरा निवासी फरियादी राजनारायण सिंह ने सीहोर स्टेशन पर मेमू ट्रेन यात्रा के दौरान अपना 20 हजार रुपये का मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान जीआरपी टीम ने सीहोर रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध रूप से घूम रहे युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की पहचान 28 वर्षीय वासुदेव यादव (निवासी कलमना, नागपुर, महाराष्ट्र) के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर फरियादी के मोबाइल के साथ-साथ अलग-अलग ट्रेनों से चुराए गए 5 अन्य महंगे मोबाइल (कुल कीमत 1.20 लाख रुपये) भी बरामद कर लिए गए।
भीड़ और चार्जिंग प्वाइंट्स को बनाता था निशाना
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सावन मास व कुबरेश्वर धाम की भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों की जेब से मोबाइल निकालता था या चार्जिंग पर लगे फोन पर नजर बचाकर हाथ साफ कर देता था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।




