भोपाल के नादरा बस स्टैंड चौराहे पर ड्यूटी के दौरान हनुमानगंज थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर विवेक शर्मा ने समय पर सूझबूझ दिखाते हुए एक युवक की जान बचा ली। चलते-चलते अचानक सड़क पर गिरे युवक को विवेक शर्मा ने मौके पर ही सीपीआर देकर दोबारा होश में लाया और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
घटना सोमवार की बताई जा रही है। नादरा बस स्टैंड के पास ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे विवेक शर्मा की नजर उस समय एक युवक पर पड़ी, जो बैटरी रिक्शा से उतरते ही सड़क पर गिर पड़ा। युवक के साथ मौजूद उसके दोस्त के अनुसार वह पंजाब का रहने वाला है।

सीपीआर देकर लौटाई सांसें
सब इंस्पेक्टर विवेक शर्मा ने बताया कि युवक के गिरने के बाद उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी। स्थिति गंभीर देखते हुए उन्होंने बिना देर किए युवक के सीने पर सीपीआर देना शुरू किया। करीब 30 से 45 सेकेंड तक लगातार सीपीआर देने के बाद युवक के शरीर में हलचल शुरू हुई और उसे होश आने लगा। इसके बाद पानी के छींटे मारकर उसकी स्थिति को और बेहतर किया गया।
इलाज के लिए अस्पताल भेजा
होश में आने के बाद युवक को उसके दोस्त के साथ इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। विवेक शर्मा ने बताया कि उन्होंने युवक को हमीदिया अस्पताल ले जाने की सलाह दी थी। युवक की पहचान गुलाब सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के लुधियाना- जालंधर क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। बाद में संपर्क करने पर जानकारी मिली कि युवक की हालत सामान्य है।




