इंदौर। शहर के प्रतिष्ठित एमवाय सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहाँ मरीजों की सेवा के लिए बनी जगह पर एक महिला की अस्मत से खिलवाड़ की कोशिश की गई। अस्पताल के वार्ड में चाय देने आए एक युवक ने वहां मौजूद एक महिला तीमारदार के साथ न केवल अश्लील हरकतें की, बल्कि उसका मोबाइल नंबर मांगते हुए विवाद भी किया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 34 वर्षीय एक महिला की मां अस्पताल की चौथी मंजिल पर स्थित स्टॉक आईसीयू में भर्ती हैं। 4 मार्च की रात करीब 8:45 बजे, जब महिला अपनी मां की देखरेख कर रही थी, तभी छोटू नाम का चाय वाला वहां पहुंचा।
महिला का आरोप है कि चाय देने के बहाने आरोपी उसे देखकर अश्लील इशारे करने लगा। हद तो तब हो गई जब उसने महिला का नाम, पता और मोबाइल नंबर मांगना शुरू कर दिया।
गार्ड को देख छू मंतर हुआ आरोपी
जब महिला ने कड़ा विरोध किया, तो आरोपी डरने के बजाय उससे बहस और झगड़ा करने लगा। शोर सुनकर जब अस्पताल का सिक्योरिटी गार्ड मौके की ओर दौड़ा, तो पकड़े जाने के डर से आरोपी छोटू वहां से भाग निकला।
पुलिसिया कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत पर संयोगितागंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी छोटू चाय वाला के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।




