भोपाल। राजधानी की तलैया थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई महिला के पास से अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार में कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
थाना प्रभारी दीपक डहेरिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम को 7 अप्रैल को सूचना मिली थी कि सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड के अंदर एक महिला नशीले पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ी है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और हुलिए के आधार पर महिला को हिरासत में लिया।
तलाशी में मिला अवैध गांजा
महिला आरक्षक द्वारा साक्षियों की मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान आरोपी महिला के पास से एक सफेद पॉलिथीन बरामद हुई। इसमें 578 ग्राम अवैध गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8,500 रुपये है। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुरानी अपराधी है आरोपी सरोज
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान सरोज कुचबंदिया (50 वर्ष), निवासी तिलक मार्केट, इतवारा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सरोज एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही तलैया थाने में आबकारी एक्ट और मारपीट के 4 मामले दर्ज हैं। ताजा मामले में पुलिस ने धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपक डहेरिया, उनि कमलेश रैकवार, राधेलाल और उनकी टीम (पुष्पेंद्र सिंह, सुनील तिवारी, गजेंद्र सिंह सहित महिला आरक्षक शालिनी मिश्रा व कविता धुर्वे) की मुख्य भूमिका रही।




