इंदौर। शहर के विजयनगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक युवती को अधिक मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपए की चपत लगा दी। ठगों ने वॉट्सऐप कॉल और एक फर्जी इन्वेस्टमेंट ऐप के जरिए इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
झांसे में लेकर ऐप डाउनलोड कराया
पुलिस के अनुसार, न्यू अंजनी नगर की रहने वाली अदिति शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है कि नवंबर 2025 में उनके पास एक अनजान नंबर से वॉट्सऐप कॉल आया था। फोन करने वाले ने उन्हें एक लिंक भेजकर एक खास ऐप डाउनलोड करवाया। दावा किया गया कि इस ऐप के जरिए निवेश करने पर रकम तीन गुना होकर मिलेगी।
मुनाफे का लालच देकर ऐंठे पैसे
शुरुआत में अदिति ने कुछ छोटी रकम निवेश की, तो ऐप पर उन्हें काफी ज्यादा प्रॉफिट (मुनाफा) दिखाई दिया। इससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद ठगों ने अलग-अलग स्कीमों का झांसा देकर मार्च 2026 तक अदिति से करीब 6 लाख 20 हजार रुपए अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए।
पैसे निकालने पर खुला राज
जब युवती ने अपनी जमा रकम और मुनाफा निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने उससे और पैसे जमा करने की मांग की। शक होने पर जब अदिति ने और रकम देने से मना किया, तो आरोपियों ने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया और उन्हें वॉट्सऐप ग्रुप से बाहर निकाल दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने साइबर सेल में शिकायत की, जिसके आधार पर अब विजयनगर पुलिस बैंक खातों की जानकारी जुटाकर आरोपियों की तलाश कर रही है।




