जबलपुर नगर निगम नया बाजार के दुकानदारों से 40 करोड़ रुपए से अधिक के बकाया टैक्स की वसूली शुरू करेगा। निगम आयुक्त प्रीति यादव ने स्मार्ट सिटी कार्यालय में व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें टैक्स जमा करने के निर्देश दिए गए
निगम आयुक्त ने बताया कि साल 2012 से लगभग 60 दुकानदारों पर कर का निर्धारण किया गया है। पूर्व में भी दुकानदारों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। कुछ दुकानों के अतिक्रमण को भी हटाया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राशि जमा नहीं की गई तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों की ओर से सुशील अग्रवाल ने कहा कि, 2012 में राज्य सरकार ने कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार राशि वसूलने के निर्देश दिए थे। लेकिन निगम ने इसका पालन नहीं किया। व्यापारियों का स्पष्ट कहना है कि वे 80-90 लाख रुपए प्रति दुकान की राशि तभी जमा करेंगे, जब उन्हें दुकानों का मालिकाना हक मिलेगा यह मामला दुकानदारों और निगम के बीच विवाद का प्रमुख कारण बन गया है।




