भोपाल | पांच दिन के ब्रेक के बाद गुरुवार को बड़ा तालाब किनारे अतिक्रमण के खिलाफ सीमांकन की कार्रवाई ने फिर रफ्तार पकड़ी। बैरागढ़ तहसील और नगर निगम की संयुक्त टीम लाउखेड़ी, बोरवन और बेहटा पहुंची। करीब चार घंटे चली इस कार्रवाई में तालाब के 50 मीटर के दायरे (FTL) में 100 से ज्यादा अवैध निर्माण और झुग्गियां मिलीं, जिन पर टीम ने लाल निशान लगा दिए हैं।
विवाद और नोंकझोंक
सीमांकन के दौरान बेहटा क्षेत्र में टीम को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। एक व्यक्ति ने अधिकारियों से अनुमति को लेकर सवाल किए और अभद्रता पर उतारू हो गया। हालांकि, हंगामे के बावजूद टीम ने अपना काम जारी रखा। इससे पहले 28 फरवरी को हलालपुरा में एक गार्डन की बाउंड्रीवॉल और गोदाम ढहाया गया था, जिसके बाद होली के कारण काम रुक गया था।
अब ‘पॉश’ इलाकों की बारी
अभी तक प्रशासन का ध्यान बैरागढ़ तहसील तक ही सीमित था, लेकिन अब असली परीक्षा टीटी नगर सर्कल में होगी। एसडीएम अर्चना शर्मा के मुताबिक, सोमवार से इस प्राइम लोकेशन पर कार्रवाई शुरू होगी। गौरतलब है कि इस क्षेत्र में तालाब किनारे कई रसूखदारों, आईएएस अधिकारियों और नेताओं के बंगले, बेशकीमती होटल और सरकारी दफ्तर बने हुए हैं।
अगला कदम: शुक्रवार को भी टीम अन्य चिह्नित क्षेत्रों में सीमांकन और लाल निशान लगाने की कार्रवाई जारी रखेगी।




