भोपाल। थाना स्टेशन बजरिया पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और मुस्तैदी का परिचय देते हुए राह भटके करीब साढ़े तीन साल के मासूम को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुँचा दिया है।
रात में गश्त के दौरान उनि कुंजबिहारी सिंह और प्रधान आरक्षक लोकेन्द्र सिंह जब भोपाल स्टेशन से हबीबिया तिराहे की ओर जा रहे थे, तभी उन्हें सड़क पर एक छोटा बच्चा अकेला लावारिस हालत में घूमता दिखा। पूछताछ में मासूम केवल अपना नाम ‘अयान’ बता पा रहा था, पते या परिजनों के बारे में वह कुछ नहीं कह सका।
पुलिस तुरंत बच्चे को सुरक्षित थाने लेकर आई। इसके बाद वायरलेस कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्रसारित कराई गई और पुलिस टीम ने क्षेत्र में बच्चे के परिजनों की तलाश शुरू की। पुलिस की सक्रियता से कुछ ही देर में बालक के परिजनों का पता लगा लिया गया। थाने बुलाकर तस्दीक के बाद मासूम को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे को सही-सलामत पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी शिल्पा कौरव के नेतृत्व में उनि कुंजबिहारी सिंह, सउनि राघवेन्द्र सिंह चौहान, सउनि मोहम्मद सालीन, प्र.आर. लोकेन्द्र सिंह, प्र.आर. राजकुमार सिंह जादौन और आरक्षक राजीव सिंह की सराहनीय भूमिका रही।



