भोपाल। राजधानी के बजरिया थाना क्षेत्र स्थित विजयनगर में रविवार रात शराब दुकान खोलने के विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया। प्लॉट को शराब दुकान के लिए किराये पर देने के विरोध में स्थानीय लोग और प्लॉट मालिक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडों और तलवारों से हमला शुरू हो गया, जिसमें दोनों पक्षों के करीब 10 लोग लहूलुहान हुए हैं।
मंदिर-स्कूल का हवाला देकर विरोध
जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी सुनील यादव अपने प्लॉट को शराब दुकान के लिए किराये पर दे रहे थे। मोहल्ले वालों का तर्क था कि पास में ही स्कूल और मंदिर है, ऐसे में दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल खराब होगा और बच्चों पर बुरा असर पड़ेगा। रविवार रात इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच गर्मागर्म बहस हुई, जिसने बाद में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का केस
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बजरिया थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों पर काउंटर केस दर्ज किया है। एक पक्ष पर हत्या के प्रयास (Section 307) जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज हुआ है, वहीं दूसरे पक्ष पर मारपीट की प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।




