राजधानी में सनसनी: सीने में धंसी मिलीं स्टेप्लर की पिनें, हमीदिया में भर्ती
भोपाल। राजधानी के बाग सेवनिया इलाके में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। लहारपुर ब्रिज के पास रात करीब ढाई बजे तेज रफ्तार कार सवारों ने एक 60 वर्षीय महिला को चलती गाड़ी से नीचे फेंक दिया। महिला गंभीर रूप से घायल है और उसके सीने में स्टेप्लर की पिनें चुभी हुई मिली हैं।

पड़ोसियों और संस्था ने बचाई जान
घटना की चश्मदीद एक स्थानीय महिला ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। ‘चित्रांश ह्यूमन वेलफेयर’ संस्था के मोहन सोनी और पारस ने पुलिस की मदद से लहूलुहान महिला को तत्काल हमीदिया अस्पताल पहुँचाया। महिला पिछले 22 घंटों से बेहोश है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पहचान बनी पहेली: हाथ पर गुदा है नाम
अचेत अवस्था में महिला के मुँह से सिर्फ ‘सलकनपुर’ शब्द निकल रहा है। पुलिस को महिला के हाथ पर एक नाम गुदा हुआ मिला है, लेकिन अब तक उसकी स्पष्ट पहचान और पते का मालूम नहीं चल सका है।
जांच में जुटी पुलिस
बाग सेवनिया पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि उस संदिग्ध कार का सुराग लग सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला के होश में आने के बाद दिए गए बयानों से ही इस वारदात की गुत्थी सुलझेगी। फिलहाल मामले में FIR दर्ज होना बाकी है।




