भोपाल। राजधानी के कोलार इलाके में बुधवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक चुनरी यात्रा के दौरान इलाके के ही एक निगरानी बदमाश ने जमकर उत्पाद मचाया। आरोपी ने पहले एक युवक पर चाकू से हमला किया और फिर भीड़ को डराने के लिए हवा में फायरिंग कर दी। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
विवाद और हमला
कोलार पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 8:45 बजे ललिता नगर इलाके में चुनरी यात्रा निकल रही थी। इसी दौरान दामखेड़ा निवासी निगरानी बदमाश अक्षय ठाकुर वहां पहुंचा और यात्रा में शामिल हरिओम यादव के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि अक्षय ने अचानक चाकू निकालकर हरिओम की गर्दन पर वार कर दिया। गनीमत रही कि हरिओम समय रहते झुक गया और चाकू उसके कान पर लगा।
फायरिंग कर भागा आरोपी
जब वहां मौजूद भीड़ ने आरोपी अक्षय को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने खुद को बचाने के लिए देसी पिस्तौल निकालकर हवा में एक राउंड फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज से मौके पर भगदड़ मच गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि आरोपी अक्षय इलाके का सूचीवद्ध बदमाश है और हाल ही में उसे बॉन्ड ओवर (शांति बनाए रखने की चेतावनी) भी किया गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक मौके से कोई खाली कारतूस बरामद नहीं हुआ है।




