राजधानी के कोतवाली इलाके की वारदात, आरोपियों की तलाश जारी
भोपाल। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार रात आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने ऐशबाग निवासी अल्ताफ राजा पर चाकू से हमला कर उसका कान काट दिया। हमलावरों ने अल्ताफ के सिर और गर्दन पर भी कई वार किए हैं, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

समझौते का दबाव बना रहे थे आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हमलावर अमन नेपानी और उसके तीन साथी अल्ताफ पर हत्या के प्रयास के एक पुराने मामले में समझौता करने का दबाव बना रहे थे। जब अल्ताफ ने राजीनामा करने से साफ मना कर दिया, तो आरोपियों ने घेरकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस मुस्तैद है।




