राजधानी में मूलभूत सुविधाओं को लेकर हाहाकार; हिनोतिया आलम में जल संकट तो दामखेड़ा में राशन वितरण व्यवस्था पर फूटा गुस्सा
भोपाल। राजधानी में बढ़ती गर्मी के साथ ही नागरिक सुविधाओं का संकट गहराने लगा है। गुरुवार को लिंक रोड नंबर-2 स्थित नगर निगम मुख्यालय पर पानी की किल्लत को लेकर हिनोतिया आलम के रहवासियों ने जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे, जो चार दिनों से पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं।
निगम गेट पर धरना, एक महिला बेहोश
पिछले चार दिनों से पानी की सप्लाई ठप होने से आक्रोशित जनता करीब तीन घंटे तक निगम मुख्यालय के गेट पर धरने पर बैठी रही। तीखी धूप और गर्मी के कारण प्रदर्शन के दौरान एक महिला बेहोश हो गई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। रहवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद अधिकारियों ने कोई सुध नहीं ली। मौके पर पहुंचे एमआईसी मेंबर जगदीश यादव ने समझाइश देकर मामला शांत कराया, लेकिन लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि सप्लाई बहाल नहीं हुई तो वे अनिश्चितकालीन धरना देंगे।

राशन की दुकान पर अव्यवस्था से आक्रोश
इधर, वार्ड-74 के दामखेड़ा में राशन वितरण की अनियमितता ने लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया। 11 मार्च से शुरू हुई वितरण प्रक्रिया अब तक सुचारू नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकानदार ने सुबह टोकन और शाम को राशन की व्यवस्था कर रखी है, जिसके कारण लोगों को काम-धंधा छोड़कर दिनभर धूप में खड़ा रहना पड़ता है। सुबह 6 बजे से लाइन में लगने के बाद भी कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
मुख्य बिंदु:
- हिनोतिया आलम: 4 दिनों से पानी बंद, निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी।
- दामखेड़ा: टोकन सिस्टम और समय की अनिश्चितता से राशन कार्ड धारक परेशान।
- चेतावनी: व्यवस्था नहीं सुधरी तो उग्र आंदोलन की दी धमकी।




