भोपाल। राजधानी के छोटे तालाब (धोबीघाट) के पास 10 अगस्त को मिले नाबालिग के शव और उसके प्राइवेट पार्ट काटने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने गुरुवार को क्राइम सीन री-क्रिएट किया। शामला हिल्स और तलैया थाना पुलिस आरोपियों को मौके पर लेकर पहुंची और वारदात के पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ीं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने अंग बेचकर करीब 1.20 करोड़ रुपए कमाने के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया था। मामले में मुख्य आरोपी आमिर कुरैशी (18) और खुद को मेडिकल छात्र बताने वाले जोहेब खान (20) समेत तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है।

अंग बिके नहीं तो तालाब में फेंके
आरोपियों ने 6 अगस्त को इकबाल मैदान से किशोर को 100 रुपए का लालच देकर अगवा किया था। धोबीघाट ले जाकर उसकी हत्या की और वीडियो देखकर प्राइवेट पार्ट काटकर प्लास्टिक की थैली में रख लिए। जब अंग बेचने का सौदा नहीं हो सका, तो उन्होंने इसे तालाब में फेंक दिया। 10 अगस्त को शव बरामद होने के बाद 15 अगस्त को हाथ पर बने टैटू से मृतक की पहचान हुई।
फिलहाल पुलिस गोताखोरों की मदद से तालाब में फेंके गए अंगों की तलाश कर रही है और मामले से जुड़े अन्य संभावित तारों की जांच में जुटी है।




