भोपाल। राजधानी के कोहेफिजा स्थित संभागीय कमिश्नर कार्यालय को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। यह धमकी एक ईमेल के जरिए दी गई, जिसमें कार्यालय परिसर में 15 छोटे आरडीएक्स (RDX) बम रखे होने का दावा किया गया था।
ईमेल में अजीबोगरीब मांगें और जिक्र
धमकी भरे मेल में लिखा गया था कि दोपहर 1:15 बजे से पहले कार्यालय को खाली कर दिया जाए, वरना धमाके कर दिए जाएंगे। चौंकाने वाली बात यह है कि मेल भेजने वाले ने तमिलनाडु के मंत्री सेंथिल बालाजी पर से सीबीआई केस हटाने की मांग की है। साथ ही, ईमेल में एक तेलुगु फिल्म ‘राजू वेड्स राम बाई’ की प्रशंसा भी की गई है।



जांच में जुटी पुलिस और डॉग स्क्वायड
सूचना मिलते ही कोहेफिजा पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई, लेकिन अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
पुलिस का बयान: “हम ईमेल के आईपी (IP) एड्रेस को ट्रैक कर रहे हैं। प्रथम दृष्टया यह किसी की शरारत लग रही है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर कोई कोताही नहीं बरती जा रही है।”




