भोपाल। राजधानी के गौतम नगर इलाके में एक होटल में रुके युवक-युवती के साथ बदसलूकी और धार्मिक टिप्पणी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मंगलवार रात इस घटना के विरोध में पुराने शहर में भारी तनाव देखा गया। हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। एहतियात के तौर पर पुराने शहर के संवेदनशील इलाकों में धारा 144 लागू कर दी गई है।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, 9 मई को गौतम नगर के एक होटल में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती को पकड़ा था। आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई, उसके चेहरे पर कालिख और गोबर पोता गया और उसे अर्धनग्न कर घुमाया गया। इस दौरान की गई आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणियों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुस्लिम समाज में आक्रोश फैल गया।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प
मंगलवार दोपहर शहर काजी और स्थानीय विधायकों ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। लेकिन रात होते-होते ताजुल मस्जिद और पीरगेट इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और झूमाझटकी हुई। पथराव की छिटपुट घटनाओं में पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
युवती का बयान: 5 साल से लिव-इन में
मामले में नया मोड़ तब आया जब युवती ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 5 वर्षों से युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में है। उसने युवक के खिलाफ किसी भी कार्रवाई से इनकार करते हुए कहा कि उनके साथ जबरदस्ती नहीं हुई थी।
कार्रवाई और शांति की अपील
पुलिस ने इस मामले में रोहित सिंह, बृजेंद्र प्रजापति समेत अन्य आरोपियों को चिन्हित कर लिया है। गोविंदपुरा पुलिस ने धारा 299 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, हिंदू उत्सव समिति ने शांति की अपील करते हुए कहा है कि शहर का माहौल खराब न किया जाए। फिलहाल पुराने शहर में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।




